उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में रविवार सुबह भूकंप के दो झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रविवार सुबह भूकंप के दो झटकों ने लोगों को दहला दिया। जहां सुबह के समय लोग अपने रोजमर्रा के कामों में लगे थे, तभी अचानक धरती हिलने लगी। बता दे ,पहले झटके ने लोगों को संभलने का मौका भी नहीं दिया था कि कुछ ही देर बाद दूसरा झटका महसूस हुआ। जानकारी के मुताबिक, पहला भूकंप सुबह 10 बजकर 32 मिनट 33 सेकंड पर आया, जिसकी तीव्रता 3.1 मापी गई। इसके ठीक 14 मिनट बाद, यानी 10 बजकर 46 मिनट 59 सेकंड पर दूसरा झटका आया, जिसकी तीव्रता 2.6 दर्ज की गई।
वही झटके महसूस होते ही लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए और कुछ देर के लिए इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह है कि किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।