नदी में नहाते समय हुआ हादसा, 12वीं के छात्र की दर्दनाक मौत

चमोली जिले में एक दर्दनाक हादसे में 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र आयुष की नदी में डूबने से मौत हो गई। आयुष अपने दोस्तों के साथ कैल नदी में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया।

नदी में नहाते समय हुआ हादसा, 12वीं के छात्र की दर्दनाक मौत
JJN News Adverties

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। देवाल क्षेत्र में नदी में नहाने गए 12वीं कक्षा के एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, राजकीय इंटर कॉलेज देवाल में पढ़ने वाला 17 वर्षीय छात्र आयुष अपने दो दोस्तों के साथ कैल नदी में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नदी में बने एक गहरे तालाबनुमा हिस्से में नहाते समय आयुष अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। घटना के बाद उसके दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आयुष को करीब 12 फीट गहरे पानी से बाहर निकाला। इसके तुरंत बाद उसे एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही छात्र की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेज दिया। आयुष की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने नदी और अन्य जल स्रोतों के आसपास सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग भी की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

JJN News Adverties
JJN News Adverties