उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई जिलों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। पिछले 24 घंटों में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश अब आफत बनती जा रही है। दरअसल, राज्य के कई जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जबकि पिछले 24 घंटों में अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
सबसे पहले बात चमोली की, जहां नारायणबगड़ बाजार में भारी बारिश के चलते 6 से 7 दुकानों में पानी और मलबा घुस गया। हालांकि राहत की बात ये रही कि यहां किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। वहीं कुहेड़ क्षेत्र में एक गौशाला के ऊपर बोल्डर गिरने की सूचना है, जिसमें पशुओं के दबने की आशंका जताई जा रही है।
वही पिथौरागढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से एक बड़ा हादसा हुआ, जहां धारचूला क्षेत्र में 52 साल के दीवान सिंह की जंगल में बकरियां चराते समय मौत हो गई। साथ ही टिहरी जिले में भी दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में चालक होशियार सिंह पंवार की जान चली गई। इसके अलावा चंपावत, रुद्रप्रयाग और नैनीताल में भी अलग-अलग हादसे सामने आए हैं। हल्द्वानी में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि अन्य स्थानों पर कई लोग घायल हुए हैं।
देहरादून में राहत की खबर भी सामने आई, जहां संतला देवी मंदिर के पास टापू में फंसे 7 लोगों को SDRF और प्रशासन की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। उधर मौसम विभाग ने राज्य में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
ऐसे में प्रशासन ने साफ तौर पर कहा है कि लोग नदी-नालों से दूर रहें और जरूरी न हो तो यात्रा से बचें।