चंपावत जिले में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में एक मेडिकल स्टोर संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
चंपावत जिले के बनबसा क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोप ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मेडिकल व्यवसायी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक पीड़िता के परिजनों ने बनबसा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए एक मेडिकल स्टोर संचालक पर नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी राज मुशर्रफ के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित मेडिकल स्टोर को भी सीज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।