चंपावत की नवगठित नगर पंचायत पाटी के जनप्रतिनिधियों को अभी कार्यालय के लिए 15 से 20 दिन और इंतजार करना होगा। नगर पंचायत के ईओ कमल मेहता ने कार्यालय व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर जानकारी दी।
उत्तराखंड के चंपावत ज़िले की नवगठित नगर पंचायत पाटी को बने ढाई साल बीत चुके हैं, लेकिन व्यवस्था अभी भी पूरी तरह पटरी पर नहीं आ सकी है। दरअसल, नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि कार्यालय की व्यवस्था की जा रही है और इसमें अभी करीब 15 से 20 दिन का समय लगेगा। इस बीच नगर में विकास कार्यों को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
बता दे, करीब ढाई साल पहले पाटी और जौलाडी ग्राम पंचायतों को मिलाकर नगर पंचायत पाटी का गठन किया गया था। नई नगर पंचायत बनने के बाद लोगों को विकास कार्यों से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन आज भी क्षेत्र में सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं। वही पाटी तहसील चौराहे से स्टेशन तक पाइपलाइन बिछाने के बाद जगह-जगह बने गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। साथ ही स्थानीय लोग लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं।
मामले में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कमल मेहता ने बताया कि जनप्रतिनिधियों के लिए कार्यालय की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें अभी 15 से 20 दिन का समय लगेगा। उन्होंने ये भी कहा कि नगर के विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।