पानी के विवाद में चला हथियार, हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे लोग

देहरादून में पानी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेतों की सिंचाई को लेकर हुए संघर्ष में भाजपा कार्यकर्ता विनोद कश्यप की मौत हो गई, जबकि उनके दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।

पानी के विवाद में चला हथियार, हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे लोग
JJN News Adverties

देहरादून से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खेतों की सिंचाई के लिए पानी देने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस हिंसक झड़प में भाजपा से जुड़े एक कार्यकर्ता की मौत हो गई, जबकि उनके दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इतना ही नहीं बल्कि, घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और लोगों ने हाईवे जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।


दरअसल, मामला सहसपुर के बैरागीवाला गांव का है। जानकारी के मुताबिक विनोद कश्यप अपने भाइयों राजेश और अशोक के साथ सरकारी ट्यूबवेल से खेत में पानी दे रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी खेत को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद की सूचना मिलने पर कई लोग मौके पर पहुंचे और तीनों भाइयों पर हमला कर दिया। परिजनों के अनुसार हमलावरों ने धारदार हथियारों और हथौड़ों से हमला किया, जिसमें विनोद कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों घायल भाइयों का इलाज जारी है।


प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है। साथ ही मृतक विनोद कश्यप स्थानीय स्तर पर भाजपा से जुड़े हुए थे और पूर्व में बीडीसी चुनाव भी लड़ चुके थे। वही घटना की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक सड़क पर उतर आए और मार्ग पर जाम लगा दिया। लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन को मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।


फ़िलहाल, पुलिस ने इस मामले में नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

JJN News Adverties
JJN News Adverties