बीजेपी विधायक बंशीधर भगत के तीखे बयान ने उत्तराखंड की राजनीति में हलचल मचा दी है। 2027 चुनाव से पहले सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए विपक्ष को बड़ा मुद्दा मिल गया है।
उत्तराखंड में बीजेपी के वरिष्ठ विधायक बंशीधर भगत के एक बयान ने सियासी पारा हाई कर दिया है। दरअसल, हल्द्वानी में आयोजित जिला योजना बैठक के दौरान बंशीधर भगत ने जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए साफ कहा कि “सिर्फ मोदी-मोदी कहने से 2027 का चुनाव नहीं जीता जा सकता।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। आपको बता दे, इस बैठक में साल 2026-27 के लिए 70 करोड़ रुपये से अधिक की जिला योजना को मंजूरी दी गई, लेकिन इसी दौरान विकास कार्यों और बजट को लेकर कई सवाल भी खड़े हुए। भगत ने जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में काम अधूरे हैं, सड़कों को खोदने के बाद भी उन्हें ठीक नहीं किया गया, जिससे लोग परेशान हैं। उन्होंने साफ कहा कि समस्या अधिकारियों की नहीं, बल्कि बजट की कमी है और सरकार को इस पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
वहीं, इस बयान के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। जहां कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा तिवारी ने कहा कि ये बयान सरकार की जमीनी हकीकत को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि “हर घर नल, हर घर जल” योजना सिर्फ कागजों में सिमट कर रह गई है और कई क्षेत्रों में आज तक पानी नहीं पहुंचा। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकार इस बयान को गंभीरता से लेगी और जमीनी स्तर पर सुधार करेगी, या फिर ये मुद्दा आने वाले चुनावों में और बड़ा राजनीतिक हथियार बनेगा?