देहरादून के राजकीय पॉलिटेक्निक पित्थूवाला में शिक्षकों के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने उपनिरीक्षक महेश कंडवाल को निलंबित कर दिया है।
कुछ दिन पहले देहरादून के राजकीय पॉलिटेक्निक पित्थूवाला में शिक्षकों के साथ मारपीट और हंगामे का मामला सामने आया था। अब इस मामले में बड़ा अपडेट आया है। दरअसल, 4 जून को पॉलिटेक्निक में परीक्षा के दौरान छात्र कबीर कंडवाल को कथित तौर पर नकल करते हुए पकड़ा गया था। परीक्षा ड्यूटी में मौजूद शिक्षकों ने नियमों के तहत कार्रवाई की, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई बताई जा रही है।
आरोप है कि अगले दिन छात्र के पिता और पुलिस विभाग में तैनात उपनिरीक्षक महेश कंडवाल अपने कुछ परिजनों के साथ कॉलेज पहुंचे। इस दौरान शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट की गई। हालांकि मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। महेश कंडवाल ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि परीक्षा के दौरान उनके बेटे के साथ मारपीट की गई, उसे बंधक बनाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं दूसरी ओर पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य अवनीश जैन ने महेश कंडवाल और उनके पुत्र के खिलाफ संस्थान परिसर में मारपीट, अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कराया है।
अब पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए SSP प्रमेंद्र डोबाल ने दरोगा महेश को निलंबित कर दिया है। एसएसपी का कहना है कि पुलिसकर्मियों से उनके पद की गरिमा के अनुरूप आचरण की अपेक्षा की जाती है और अनुशासनहीनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।