देहरादून क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चोरी किए गए जेवरात को गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर लोन ले लिया था।
देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जहां मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से चोरी की गई ज्वेलरी और नकदी बरामद हुई है। दरअसल, 16 जून को हरबंशवाला निवासी कामनी देवी ने पटेल नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से अज्ञात चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए हैं। वही शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान के लिए कई सुराग जुटाए। वही जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चोटियाबाबा मंदिर क्षेत्र के पास से शुभम पंवार उर्फ गोलू और सोनू उर्फ सादिक को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी की गई अंगूठी, नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने चोरी की गई ज्वेलरी को चकराता रोड स्थित एक गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर उस पर लोन ले लिया था। इसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को फाइनेंस कंपनी लेकर पहुंची, जहां से चोरी की गई करीब 6 लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी भी बरामद कर ली गई। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं चोरी की गई ज्वेलरी बरामद होने से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है।