दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे अप्रैल 2026 में जनता के लिए खुलने जा रहा है। 210 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट से दिल्ली और उत्तराखंड के बीच की दूरी महज ढाई घंटे में पूरी होगी।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून को जल्द ही ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने जा रही है। जी हाँ , प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को 6200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। इस मेगा प्रोजेक्ट को शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर में ऐतिहासिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
बता दे , करीब 26 किलोमीटर लंबा ये कॉरिडोर रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर बनाया जाएगा। इसमें 12 किलोमीटर का हिस्सा रिस्पना नदी और 14 किलोमीटर का हिस्सा बिंदाल नदी पर विकसित होगा। वही चार लेन की ये सड़क कारगी से शुरू होकर ब्राह्मणवाला, निरंजनपुर, विजयपुर, जाखन होते हुए मालसी तक पहुंचेगी।
इस कॉरिडोर को 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के हिसाब से डिजाइन किया गया है, जिससे शहर के भीतर आधे घंटे का सफर अब महज 10 से 12 मिनट में पूरा हो सकेगा। बताया जा रहा है की भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी National Highways Authority of India इस परियोजना का निर्माण करेगा। दरअसल ,प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे में सिर्फ एलिवेटेड रोड का शिलान्यास ही नहीं करेंगे, बल्कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और टिहरी जल विद्युत परियोजना के पंपिंग हाउस का भी लोकार्पण करेंगे। वही इन परियोजनाओं से उत्तराखंड के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर, ये कदम देहरादून को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में एक बेहतर पहल के रूप में साबित होगा।