देहरादून में एक ही परिवार के पांच भाइयों की शादी एक साथ, और एक ही मंडप में संपन्न हुई। खास बात यह रही कि दुल्हनें खुद बारात लेकर दूल्हों के घर पहुंचीं, जिसने इस विवाह को बेहद अनोखा बना दिया।
उत्तराखंड के देहरादून जिले से एक अनोखी और दिलचस्प खबर सामने आई है, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। जिले की चकराता तहसील के खरासी गांव में एक ऐसा विवाह समारोह आयोजित हुआ, जो अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां एक ही परिवार के पांच भाइयों की शादी एक साथ, एक ही दिन और एक ही मंडप में संपन्न हुआ। जी हां, आपने सही सुना नरेंद्र, प्रदीप, प्रीतम, अमित और राहुल इन पांचों भाइयों ने पारंपरिक जौनसारी रीति-रिवाज के अनुसार धूमधाम से शादी रचाई।इस शादी की सबसे खास बात ये रही की एक अनूठी परंपरा जहां दुल्हनें खुद बारात लेकर दूल्हों के घर पहुंचीं। यह दृश्य देखने के लिए गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
आपको बता दे पांचों भाइयों की जीवनसंगिनियां—अन्नू, निक्की, पुनीता, निर्मला और आंचल अपने-अपने परिवारों के साथ पारंपरिक अंदाज में बारात लेकर आईं और पूरे रीति-रिवाज के साथ सात फेरे लिए।जानकारी के मुताबिक संयुक्त परिवार द्वारा आयोजित इस भव्य समारोह में संस्कृति, एकता और आपसी सामंजस्य की शानदार झलक देखने को मिली।जिसमे पूरा गांव उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।यह आयोजन न सिर्फ एक पारिवारिक खुशी का प्रतीक बना, बल्कि जौनसारी संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को भी उजागर कर गया। फिलहाल, इस अनोखी शादी की चर्चा दूर-दूर तक हो रही है।