हल्द्वानी के सुभाष नगर इलाके में नगर निगम इंस्पेक्टर के घर पर शनिवार रात फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
हल्द्वानी: शहर के सुभाष नगर इलाके में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब नगर निगम में तैनात इंस्पेक्टर डुंगर सिंह परमार के घर पर फायरिंग कर दी गई। जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर डुंगर सिंह परमार अपने पोते के साथ घर के बाहर टहल रहे थे, तभी सामने वाले घर से निकले एक व्यक्ति ने उन पर पिस्टल से गोली चला दी। गोली बेहद करीब से गुजरते हुए घर के शीशे को तोड़कर अंदर सीढ़ियों पर जा लगी।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली गई है बताया जा रहा है कि आरोपी अल्मोड़ा का खड़िया कारोबारी है, हालांकि पीड़ित पक्ष का उससे किसी तरह का कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं बताया जा रहा है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।