उत्तराखंड पुलिस के हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिसकर्मी को उनकी ही कार्बाइन से 11 गोलियां लगने की बात सामने आई है, जिसके बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
देहरादून में हुई एक रहस्यमयी मौत ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। आखिर एक हेड कांस्टेबल को 11 गोलियां कैसे लगीं? और उस रात ऐसा क्या हुआ जिसने पूरे पुलिस विभाग को हिला दिया?
दरअसल, उत्तराखंड पुलिस के हेड कांस्टेबल सुनील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक 49 वर्षीय हेड कांस्टेबल सुनील देहरादून एयरपोर्ट के स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात थे। वही सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे उनके नागाघेर स्थित घर से अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। उस वक्त वे घर के बरामदे में मौजूद थे।
बता दे, गोलियां चलने के बाद परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत हिमालय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हेड कांस्टेबल को उनकी ही कार्बाइन से 11 गोलियां लगी हैं। अब यही बात हर किसी को हैरान कर रही है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।