उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी के बीच नैनीताल जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। गधेरों व बरसाती नालों के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय है और इसी के चलते नैनीताल जिला प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा को लेकर बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। मौसम विभाग द्वारा 9 और 10 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन हाई अलर्ट पर है। वही एहतियात के तौर पर स्कूलों में दो दिनों का अवकाश घोषित किया गया है, वहीं गधेरों और बरसाती नालों के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। हल्द्वानी तहसीलदार कुलदीप पाण्डे ने बताया कि कलसिया गधेरे के आसपास रहने वाले परिवारों को नोटिस जारी कर स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि भारी बारिश के दौरान गधेरों के पास न जाएं, क्योंकि अचानक जलस्तर बढ़ने से बड़ा हादसा हो सकता है। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव टीमों को भी पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि बिना जरूरी कारण घरों से बाहर न निकलें, नालों और गधेरों को पार करने का जोखिम न उठाएं और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को दें। प्रशासन का कहना है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।