वीकेंड पर बढ़ती पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 30 और 31 मई के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। यात्रियों के लिए शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।
वीकेंड पर अगर आप नैनीताल, कैंची धाम, भवाली या भीमताल जाने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दरअसल, बढ़ती पर्यटक भीड़ और संभावित जाम को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 30 और 31 मई के लिए विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान जारी किया है।
बट दे, शनिवार और रविवार को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। वहीं सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक पहाड़ी रूटों पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही बरेली रोड से पहाड़ की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहे के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं रुद्रपुर और पंतनगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग रूट तय किया गया है।
रामनगर और बाजपुर से आने वाले वाहन कालाढूंगी-नैनीताल तिराहे से मंगोली मार्ग होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। सबसे अहम बात, कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है। भीमताल रूट से आने वाले पर्यटक अपने वाहन विकास भवन पार्किंग में खड़े करेंगे, जबकि नैनीताल-गेठिया मार्ग से आने वाले वाहन भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क किए जाएंगे। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए कैंची धाम भेजा जाएगा। इसके अलावा वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने सभी पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन जरूर करें।