देहरादून पुलिस ने जमीन धोखाधड़ी के मामले में 20 हजार के इनामी आरोपी प्रदीप सकलानी और उसके साथी अजय सजवाण को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फर्जी दस्तावेज बनाकर 30 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है।
देहरादून पुलिस ने जमीन धोखाधड़ी के बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बता दे, ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई इस कार्रवाई में 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी प्रदीप सकलानी और उसके साथी अजय सजवाण को पकड़ा गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरे की जमीन बेचने का सौदा किया और एक व्यक्ति से बयाने के तौर पर 30 लाख रुपये ले लिए। जांच में सामने आया कि जमीन के असली मालिकों ने आरोपियों को कोई अधिकार नहीं दिया था और सौदे में इस्तेमाल किए गए दस्तावेज भी नकली थे।
वही SSP देहरादून अजय सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उसे डालनवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। बता दे, जांच में ये भी सामने आया है कि आरोपी पहाड़ के लोगों, खासकर फौजियों और दूसरे राज्यों में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों को सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था।
वही आरोपी के खिलाफ देहरादून के अलग-अलग थानों में जमीन धोखाधड़ी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट समेत 27 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।