रुड़की के भंगेड़ी स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती 37 वर्षीय मरीज का शव शौचालय में मिला। गले पर धारदार हथियार के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
रुड़की से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है… जहां एक नशा मुक्ति केंद्र के भीतर हुई संदिग्ध मौत ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। दरअसल, रुड़की के भंगेड़ी स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती मरीज का खून से लथपथ शव शौचालय में मिलने से सनसनी फैल गई। बता दे, मृतक की पहचान लक्सर के बसेड़ी गांव निवासी 37 साल के आशीष के रूप में हुई है, जो पिछले करीब तीन महीने से केंद्र में भर्ती था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात केंद्र संचालक ने आशीष का शव शौचालय में पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। वही मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो मृतक के गले पर धारदार हथियार के गहरे निशान मिले। वहीं, इस घटना के बाद परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक अन्य मरीज पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। वही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच तेज कर दी है।
मामले में SP देहात शेखर चन्द्र सुयाल के मुताबिक, परिजनों की तहरीर और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। साथ ही केंद्र संचालक और अन्य मरीजों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, जिस जगह लोगों को नई जिंदगी देने का दावा किया जाता है, वहीं हुई इस खौफनाक वारदात ने नशा मुक्ति केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।