देहरादून में जनगणना ड्यूटी पर गई सहायक अध्यापिका पर रॉटविलर कुत्ते ने हमला कर दिया। घटना में शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। मामले के बाद पालतू कुत्तों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे।
देहरादून में जनगणना ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक घटना ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां ड्यूटी पर गई एक सहायक अध्यापिका पर रॉटविलर नस्ल के कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया।
दरअसल, घटना देहरादून के इंद्रानगर क्षेत्र स्थित मलिक चौक के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय पंडितवाड़ी में तैनात सहायक अध्यापिका आशा भंडारी रविवार शाम करीब पांच बजे जनगणना कार्य के सिलसिले में एक आवासीय परिसर में पहुंची थीं।
बताया जा रहा है कि काफी देर तक आवाज लगाने के बाद जब उन्होंने गेट को हल्का सा खोला, तभी अंदर मौजूद रॉटविलर अचानक उन पर झपट पड़ा और उनके दाहिने हाथ को बुरी तरह काट लिया। वही शिक्षिका की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को काबू में किया।
घटना के बाद घायल शिक्षिका को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही सुपरवाइजर भी मौके पर पहुंचे और कुत्ते के वैक्सीनेशन कार्ड और लाइसेंस की जांच की गई। बताया गया कि वैक्सीनेशन रिकॉर्ड पुराने मिले, जबकि लाइसेंस मौके पर नहीं दिखाया जा सका। सबसे बड़ी लापरवाही ये रही कि घर के बाहर किसी तरह का चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगाया गया था।
वहीं शिक्षक संघ ने घटना पर नाराजगी जताते हुए ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।