NHAI बरेली से हल्द्वानी के बीच लगभग 100 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के लिए सीमांकन का काम शुरू हो गया है। जिससे UP और उत्तराखंड के बीच सफर में समय की बचत होगी।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच सड़क कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। दरअसल, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI बरेली से हल्द्वानी तक लगभग 100 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जमीन सीमांकन का काम भी शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि ये एक्सप्रेसवे बरेली-मुरादाबाद हाईवे से भी जोड़ा जाएगा, जिससे यूपी और उत्तराखंड के बीच आवाजाही और व्यापार को बड़ा फायदा मिलेगा। खास बात ये है कि यह पूरी तरह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे होगा, यानी इसे पुराने रास्तों को चौड़ा करने के बजाय नई जमीन और नए रूट पर विकसित किया जाएगा। बता दे, ये एक्सप्रेसवे शहरों की भीड़भाड़ से दूर खेतों और खाली इलाकों से होकर गुजरेगा, जिससे यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी। साथ ही करीब 100 किलोमीटर की दूरी तय करने में लगने वाले समय में लगभग एक से डेढ़ घंटे की बचत होने का अनुमान है।
वही NHAI अधिकारियों के मुताबिक सीमांकन के बाद जमीन अधिग्रहण की अधिसूचना जारी की जाएगी। साथ ही एक्सप्रेसवे को कंट्रोल्ड-एक्सेस बनाया जाएगा, जहां सुरक्षा और हाई-स्पीड ट्रैफिक पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। माना जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद बरेली और हल्द्वानी के बीच आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी पहले से बेहतर हो जाएगी।