कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ट्रैफिक का उल्लंघन करने वाले 12 दोपहिया टैक्सी वाहनों को सीज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ और पर्यटन सीजन के बीच नैनीताल पुलिस ने नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। वही ट्रैफिक प्लान का उल्लंघन करने वाले 12 दोपहिया टैक्सी वाहनों को पुलिस ने सीज कर दिया है।
बता दे, पर्यटन सीजन के दौरान कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से पहले ही दोपहिया टैक्सी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बावजूद कुछ चालक नियमों की अनदेखी करते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन चला रहे थे।
इसी को देखते हुए भवाली में यातायात निरीक्षक महेश चन्द्रा के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कई दोपहिया टैक्सी वाहन ट्रैफिक प्लान और यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए।
वही पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 12 दोपहिया टैक्सी वाहनों को सीज कर दिया। साथ ही सभी वाहनों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए कोतवाली भवाली में जमा कराया गया है। नैनीताल पुलिस का कहना है कि पर्यटन सीजन में यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।