उत्तराखंड में आंचल दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी गई है। देहरादून में नई दरें 1 जून से लागू होंगी, जबकि नैनीताल और हरिद्वार में बढ़ी कीमतें पहले ही लागू हो चुकी हैं।
उत्तराखंड में दूध की कीमतों ने आम लोगों को झटका दे दिया है। दरअसल, अमूल के बाद अब उत्तराखंड का स्थानीय ब्रांड आंचल दूध भी महंगा हो गया है। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड दुग्ध सहकारी फेडरेशन ने आंचल दूध के दामों में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है। वहीं, देहरादून जिले में ये नई कीमतें 1 जून से लागू होंगी, जबकि नैनीताल और हरिद्वार में ये बढ़ी हुई दरें पहले ही लागू की जा चुकी हैं।
अब अगर वजह की बात करें तो विभाग के अनुसार पैकेजिंग मटेरियल की लागत काफी बढ़ गई है। खासकर पॉलीथिन के दाम बढ़ने से दूध की कुल लागत पर असर पड़ा है, जिसके चलते ये फैसला लेना पड़ा। साथ ही अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल ये बढ़ोतरी केवल मैदानी जिलों देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार में ही लागू की गई है।
वहीं दूसरी तरफ, इस फैसले से जहां आम लोगों की जेब पर बोझ बढ़ेगा, वहीं उम्मीद है कि इसका फायदा सीधे दूध उत्पादन करने वाले किसानों को मिलेगा। आपको बता दें कि राज्य में करीब 56 हजार पशुपालक रोजाना दूध सप्लाई करते हैं।