भीमताल विकासखंड की BDC बैठक में जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण समस्याओं को लेकर अधिकारियों को घेरा।
नैनीताल जिले के भीमताल विकासखंड में आयोजित क्षेत्र पंचायत यानी BDC बैठक में ग्रामीण समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को जमकर घेरा। बता दे, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति और पेयजल संकट को लेकर हुई। वही जनप्रतिनिधियों ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, नए मोटर मार्गों के निर्माण और जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
साथ ही जनप्रतिनिधियों ने कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी, जर्जर भवन, मूलभूत सुविधाओं के अभाव और सुरक्षा उपकरण नहीं होने का मामला उठाया। बता दे, जाला स्कूल को मॉडल स्कूल बनाने का सुझाव भी सामने आया, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।इसके अलावा बिजली के ढीले तार, पोल शिफ्टिंग, नालियों के निर्माण, ताल किनारे शौचालय खोलने और अतिक्रमण जैसी समस्याएं भी बैठक में उठीं। वही बलिया नाला क्षेत्र में अतिक्रमण से गांव को खतरा होने की बात सामने आने पर मुख्य विकास अधिकारी ने तहसीलदार को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई और सभी विभागों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का टाइम पर समाधान करने के निर्देश दिए। इसी बीच विधायक सरिता आर्य ने भी विभागीय अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। वहीं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।