सांसद अजय भट्ट ने 19 किलोमीटर लंबे सैनिटोरियम-रातीघाट (कैंची) बायपास मार्ग का निरीक्षण कर शुभारंभ किया। 37 करोड़ की लागत से बन रहे इस मार्ग से मेले के दौरान लगने वाले जाम में कमी आने की उम्मीद है।
हर साल कैंची धाम मेले के दौरान लगने वाले भारी जाम से इस बार काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। दरअसल, नैनीताल में सांसद अजय भट्ट ने सैनिटोरियम-रातीघाट यानी कैंची बायपास मार्ग का निरीक्षण कर वैलिब्रिज का फीता काटते हुए इसका शुभारंभ किया। वही, 37 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस मार्ग को कैंची धाम मेले के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। बता दे, सांसद अजय भट्ट ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ सैनिटोरियम-रातीघाट यानि कैंची बायपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। वही करीब 19 किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के निर्माण के लिए शासन से 37 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि बायपास मार्ग के शुरू होने से कैंची धाम मेले के दौरान लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। खासतौर पर अल्मोड़ा, बागेश्वर, कर्णप्रयाग और पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के चालू होने से एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही भी सुगम होगी।
बता दे, सड़क का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष हिस्से में डामरीकरण का कार्य किया जाना है। निरीक्षण के दौरान सांसद अजय भट्ट ने आगामी 15 जून को आयोजित होने वाले कैंची धाम मेले की पार्किंग, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि मेले का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।