CM पुष्कर सिंह धामी ने HDFC बैंक की सीएसआर पहल के तहत 4 अत्याधुनिक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये एम्बुलेंस उत्तराखंड के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेंगी।
उत्तराखंड के दूरस्थ पहाड़ी इलाकों में अब स्वास्थ्य सेवाएं और तेज़ व बेहतर होने जा रही हैं। जहां मरीजों तक समय पर इलाज पहुंचाने और आपदा जैसी परिस्थितियों में राहत कार्यों को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चार अत्याधुनिक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसी बीच मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है और पर्वतीय क्षेत्रों में समय पर इलाज मिलना सबसे बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में ये आधुनिक एम्बुलेंस जरूरतमंद मरीजों तक त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
वहीं HDFC बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की स्थिति, बड़े धार्मिक आयोजनों और आगामी हरिद्वार कुंभ जैसे अवसरों पर भी ये सेवाएं काफी उपयोगी साबित होंगी। बता दे, बैंक अधिकारियों के मुताबिक इन एम्बुलेंस में आधुनिक मेडिकल उपकरण और इमरजेंसी सुविधाएं मौजूद हैं। खास बात ये है कि अगले तीन वर्षों तक प्रत्येक एम्बुलेंस में डॉक्टर, नर्स, अटेंडेंट और चालक की व्यवस्था भी बैंक की ओर से सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल ये एम्बुलेंस चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिलों में सेवाएं देंगी। भविष्य में इन्हें राज्य के बड़े धार्मिक आयोजनों और आपदा प्रबंधन कार्यों में भी इस्तेमाल किया जाएगा।