रामनगर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धनगढ़ी नाले पर बने नए पुल का लोकार्पण करेंगे। इस पुल के शुरू होने से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच आवागमन सुरक्षित और आसान होगा
रामनगर के लोगों का वर्षों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। दरअसल, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को रामनगर पहुंचकर धनगढ़ी नाले पर बने नए पुल का विधिवत लोकार्पण करेंगे। बता दे, ये पुल लंबे समय से स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग रहा है और इसके शुरू होने के बाद कुमाऊं और गढ़वाल के बीच आवागमन पहले से कहीं अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा।
वही क्षेत्रीय विधायक दिवान सिंह बिष्ट के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12 बजे पुल का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि ये परियोजना क्षेत्र के विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है और इससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।बता दे, हर साल मानसून के दौरान नाले का जलस्तर बढ़ने से घंटों तक यातायात बाधित रहता था। सबसे गंभीर बात ये रही कि पिछले करीब 12 वर्षों में इस बरसाती नाले को पार करने के दौरान एक दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में इस पुल का निर्माण क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरतों में शामिल था।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नगर अध्यक्ष मदन जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल होंगे।