हल्द्वानी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह ने बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं के बजाय चुनावी राजनीति में व्यस्त है
देश में बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर सियासत एक बार फिर गर्मा गई है। दरअसल, हल्द्वानी में वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार को जनता की परेशानियों से ज्यादा चुनावी राजनीति की चिंता है। बता दे मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह ने कहा कि देश में लगातार बढ़ रही महंगाई से आम आदमी की कमर टूट रही है, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान देने के बजाय चुनावी रणनीतियों में व्यस्त है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए राहुल गांधी ने पहले ही महंगाई बढ़ने की आशंका जताई थी, लेकिन सरकार ने उस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया। साथ ही कहा कि एक तरफ जनता को पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है, जबकि दूसरी ओर सरकारी काफिलों और विदेश दौरों पर खर्च लगातार जारी है। कांग्रेस नेता ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि आज बिना लेन-देन के आम लोगों के काम नहीं हो रहे हैं और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। बहराल महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।