कुमाऊं मंडल में साइबर ठगी के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। जनवरी से अब तक 1400 से अधिक शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस ने अब सख्ती बढ़ाते हुए 1 लाख रुपये से ज्यादा की ऑनलाइन ठगी में FIR कर दी है।
कुमाऊं मंडल में बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर पुलिस ने अब अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। आपको बतादे की साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस का फोकस अब सिर्फ आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पीड़ितों की मेहनत की कमाई वापस दिलाने पर भी है। दरअसल, कुमाऊं रेंज के आईजी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी से अब तक कुमाऊं क्षेत्र में साइबर ठगी से जुड़ी 1400 से ज्यादा शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
वहीं, साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए एक लाख रुपये या उससे अधिक की ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में FIR दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही, सभी जिलों की पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि साइबर ठगी में फंसी पीड़ितों की रकम को जल्द से जल्द रिकवर कराया जाए। पुलिस के मुताबिक, रिकवरी रेट पहले करीब 20 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 40 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
आईजी ने साफ कहा कि पुलिस की प्राथमिकता अपराधियों को पकड़ने के साथ-साथ पीड़ितों को राहत दिलाना भी है। ऐसे में, लोगों से अपील है कि संदिग्ध कॉल और लिंक से सावधान रहें और ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें।