लालकुआं के कोतवाली चौराहे पर एक शराबी युवक ने देर रात जमकर हंगामा किया। युवक ने एक ठेले वाले का सामान सड़क पर फेंक दिया और राहगीरों व वाहन चालकों के साथ गाली-गलौज की।
लालकुआं के सबसे व्यस्त कोतवाली चौराहे पर शुक्रवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक शराबी युवक ने बीच सड़क हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। दरअसल, मामला लालकुआं के कोतवाली चौराहे का है, जहां शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक युवक शराब की दुकान पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर उसका दुकान कर्मचारियों से विवाद हो गया। वही देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने अपना आपा खो दिया और पास में खड़े एक ठेले वाले का सामान सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। सड़क पर सामान बिखरने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। साथ ही उसने राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास मौजूद लोगों के साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। हंगामा बढ़ता देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया।
वही घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन पुलिस को देखकर भी युवक शांत नहीं हुआ और पुलिसकर्मियों से ही बहस करने लगा। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू में कर लिया और हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई।