रामनगर से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां मानसून के साथ ही सांपों का खतरा तेजी से बढ़ गया है। महज तीन दिनों में 30 से ज्यादा सांपों का रेस्क्यू किया गया।
रामनगर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां मानसून की दस्तक के साथ ही सांपों का आतंक तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। दरअसल, पिछले महज तीन दिनों में रामनगर और कॉर्बेट से सटे इलाकों में 30 से ज्यादा सांपों का रेस्क्यू किया गया है। इनमें कोबरा, रसेल वाइपर, कॉमन करैत और धामन जैसे खतरनाक सांप शामिल हैं, लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इन सबके बीच करीब 18 फीट लंबा एक विशालकाय अजगर भी आबादी के पास से बरामद किया गया, जिसे देखकर लोगों के होश उड़ गए।
वही रेस्क्यू टीम के विशेषज्ञ चंदन कश्यप और उनकी टीम ने सभी सांपों को बेहद सावधानी से पकड़ा। इसके बाद वन विभाग के सहयोग से इन्हें सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया गया। जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में पहले तेज गर्मी और फिर अचानक हुई बारिश के कारण सांप अपने ठिकानों से बाहर निकलकर भोजन और सुरक्षित जगह की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहे हैं। साथ ही रेस्क्यू टीम का कहना है कि जैसे-जैसे उन्हें सूचना मिल रही है, वे लगातार मौके पर पहुंचकर सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू कर रहे हैं। फिलहाल, लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि बारिश के इस मौसम में सांपों का खतरा और भी बढ़ सकता है।