हल्द्वानी में बढ़ती गर्मी और संभावित जल संकट को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। नए पानी कनेक्शन, वाहन धुलाई और टुल्लू पंप के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है।
हल्द्वानी में बढ़ती गर्मी और संभावित जल संकट को देखते हुए प्रशासन अब सख्त मोड में नजर आ रहा है। वही जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने पेयजल की बर्बादी रोकने और आम लोगों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए कई कड़े निर्देश जारी किए हैं।
जारी आदेशों के मुताबिक 25 मई से 20 जून 2026 अथवा मानसून शुरू होने तक जिले में सभी नए पेयजल कनेक्शन पर रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही भवन निर्माण कार्यों के लिए दिए गए अस्थायी पानी कनेक्शन भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं।
बता दे, प्रशासन ने वाहन सर्विस सेंटरों और वॉशिंग सेंटरों पर पानी से गाड़ियों की धुलाई पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। अब केवल ड्राई वॉश सिस्टम से ही वाहन साफ किए जा सकेंगे। वही, आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित प्रतिष्ठान का पानी कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा टुल्लू पंप और सक्शन पंप के इस्तेमाल पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इतना ही नहीं बल्कि, निरीक्षण के दौरान ऐसा पाए जाने पर पंप जब्त करने के साथ कनेक्शन भी काटा जाएगा।
प्रशासन ने साफ कहा है कि पेयजल का इस्तेमाल सिंचाई, फर्श धोने, वाहन धुलाई और अन्य गैर जरूरी कामों में नहीं किया जाए। पानी की टंकियों से ओवरफ्लो या लीकेज मिलने पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसी के चलते प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में पानी का इस्तेमाल बेहद सावधानी और जरूरत के हिसाब से करें।