हल्द्वानी में मिशन ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत पुलिस ने 2 किलो से अधिक चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी आम और लीची के बागों की रखवाली का काम करता था।
हल्द्वानी में “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहां आम और लीची की रखवाली करने वाला एक व्यक्ति लाखों की चरस के साथ गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल, काठगोदाम पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने दमुवाढूंगा क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान इन्द्रजीत सिंह नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। वही पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 2 किलो 14 ग्राम अवैध चरस बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी इन्द्रजीत सिंह काठगोदाम क्षेत्र का रहने वाला है और गमले बेचने के साथ-साथ खेती-बाड़ी और मजदूरी का काम करता था। स्थानीय लोगों के मुताबिक वो आम और लीची के बागों की रखवाली का काम भी करता था, लेकिन पुलिस जांच में उसका दूसरा चेहरा सामने आ गया।
वहीं पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह चरस उसे उसके एक परिचित ने बेचने के लिए दी थी। फिलहाल पुलिस अब उस नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जो इस अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है। बता दें कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। जहां साल 2010 में भी उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।