बनभूलपुरा में भारी बारिश के बाद नगर आयुक्त के निरीक्षण में खुलासा हुआ कि अतिक्रमण के चलते 12 फीट चौड़ा नाला नाली में तब्दील हो गया है, जिससे बारिश का पानी बस्तियों में भर रहा है।
हल्द्वानी में हुई मूसलाधार बारिश के बाद बनभूलपुरा क्षेत्र में जलभराव की बड़ी वजह सामने आई है। नगर आयुक्त के निरीक्षण में खुलासा हुआ कि कभी करीब 12 फीट चौड़ा रहा नाला अब अतिक्रमण की वजह से नाली जैसा बनकर रह गया है, जिससे बारिश का पानी समय पर नहीं निकल पा रहा। दरअसल, बनभूलपुरा के उजाला नगर इलाके में नाले में ब्लॉकेज होने से पानी आसपास की बस्तियों में भर गया। हालात का जायजा लेने पहुंचे नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने मौके पर निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ स्थिति का आकलन किया।
वही नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम ने बनभूलपुरा क्षेत्र के 14 प्रमुख नालों को चिन्हित किया है, जिनकी नियमित सफाई कराई जा रही है। साथ ही उजाला नगर के नाले की भी लगातार सफाई हो रही है, लेकिन अतिक्रमण के कारण नाले की चौड़ाई काफी कम हो गई है। यही वजह है कि बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित होती है और जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। साथ ही नगर आयुक्त ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में इस बात पर सहमति बनी है कि जिन स्थानों पर नालों पर अतिक्रमण कर रास्ते छोटे किए गए हैं, वहां जल्द अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नालों को अतिक्रमण मुक्त करना बेहद जरूरी है ।