हल्द्वानी के सुभाष नगर में जानलेवा फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। आरोपी मनीष परिहार को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए गए हैं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हल्द्वानी में फायरिंग और हत्या के प्रयास की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। दरअसल ,मामला सुभाष नगर इलाके का है, जहां बीते दिन शाम करीब 7 बजे कमल परमार पर जानलेवा हमला किया गया। शिकायत के अनुसार, आरोपी मनीष परिहार अपनी कार से मौके पर पहुंचा और फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि गोली सीधे मकान की सीढ़ियों पर जाकर लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय पीड़ित और उनका पोता भी मौजूद थे, लेकिन दोनों बाल-बाल बच गए।
वही घटना के बाद कमल ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी, जिसके आधार पर FIR दर्ज की गई। बता दे ,पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष परिहार निवासी डहरिया, हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से .32 बोर रिवाल्वर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस ये पता लगाने में जुटी है कि इस फायरिंग के पीछे असली वजह क्या थी।