लालकुआं क्षेत्र में तीन बच्चों की मां दो बेटों के साथ 17 दिनों से लापता है। पीड़ित पति ने अपने सगे बहनोई पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस जांच और तलाश जारी है।
हल्द्वानी के लालकुआं क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां तीन बच्चों की मां अपने दो मासूम बेटों के साथ पिछले 17 दिनों से लापता है। वही पीड़ित पति का आरोप है कि उसका सगा बहनोई ही उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इतना ही नहीं बल्कि, महिला घर से जाते समय पांच हजार रुपये की नकदी भी साथ ले गई, जबकि एक बेटा घर पर ही छूट गया, जो मां के इंतजार में रो-रोकर बेहाल है। पीड़ित पति के मुताबिक उसकी शादी करीब आठ साल पहले हुई थी और उनके तीन बेटे हैं। परिवार की जिंदगी सामान्य चल रही थी, लेकिन 17 दिन पहले रात करीब 10 बजे उसकी पत्नी बिना किसी को बताए घर से निकल गई।
पीड़ित का आरोप है कि उसका सगा बहनोई ही उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उसका कहना है कि घटना के बाद से दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ हैं, जिससे किसी भी तरह का संपर्क नहीं हो पा रहा। उसे किसी अनहोनी की आशंका भी सता रही है। वही पीड़ित ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उसने लालकुआं कोतवाली में पत्नी और दोनों बच्चों की गुमशुदगी की तहरीर दी थी, लेकिन 17 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस खोजबीन में लगी है ।