हल्द्वानी मंडी में ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल से फल-सब्जी कारोबार प्रभावित। दिल्ली सरकार के ग्रीन सेस के विरोध में ट्रक आजादपुर नहीं जा रहे, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
हल्द्वानी मंडी में इस वक्त हालात बिगड़े नजर आ रहे हैं। दरअसल, दिल्ली सरकार के नए ग्रीन सेस के विरोध में ट्रांसपोर्टरों ने हड़ताल शुरू कर दी है, जिसका सीधा असर अब किसानों, व्यापारियों और फल-सब्जी कारोबार पर पड़ता दिखाई दे रहा है।
वही, पहाड़ों से आने वाले रसीले फल और ताजा सब्जियां बड़ी मात्रा में हल्द्वानी मंडी पहुंच रही हैं, लेकिन ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के चलते ये माल देश की सबसे बड़ी दिल्ली की आजादपुर मंडी तक नहीं पहुंच पा रहा। साथ ही ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि दिल्ली सरकार ने फल और सब्जियों से भरे वाहनों पर ग्रीन सेस लागू कर दिया है, जिससे हर गाड़ी पर करीब 1500 रुपए तक का अतिरिक्त टैक्स देना पड़ रहा है।
बता दे, ट्रांसपोर्ट यूनियन का कहना है कि पहले ऐसा कोई टैक्स नहीं लिया जाता था, लेकिन अचानक ग्रीन सेस लागू होने से ट्रांसपोर्ट कारोबार पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। हड़ताल का असर अब मंडियों में साफ दिखाई देने लगा है, जहां फल और सब्जियों की सप्लाई प्रभावित होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं मंडी में दाम भी गिरने लगे हैं…
व्यापारियों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो इसका असर पूरे फल-सब्जी कारोबार और पहाड़ी किसानों की आय पर पड़ेगा..