हल्द्वानी में मेडिकल स्टोर बंद, दवाइयों के लिए लोग परेशान!

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में हल्द्वानी और नैनीताल जिले के 1400 से ज्यादा मेडिकल स्टोर बंद रहे। मरीजों और आम लोगों को दवाइयों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा, हालांकि अस्पतालों के स्टोर खुले रहे।

हल्द्वानी में मेडिकल स्टोर बंद, दवाइयों के लिए लोग परेशान!
JJN News Adverties

हल्द्वानी में आज दवाइयों को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ सकती है, क्योंकि ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में शहर सहित पूरे नैनीताल जिले के मेडिकल स्टोर बंद रखे गए हैं। इस बंद का असर सीधे आम लोगों और मरीजों पर पड़ता नजर आ रहा है। खासकर उन परिवारों की चिंता बढ़ गई है, जिनके घरों में बुजुर्ग, बच्चे या गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीज हैं और जिन्हें रोजाना दवाइयों की जरूरत पड़ती है।
 

दरअसल, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर यह हड़ताल की है। दवा कारोबारियों का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री और बड़ी कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा दी जा रही भारी छूट से छोटे मेडिकल स्टोर मालिकों का कारोबार लगातार प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही उनका यह भी कहना है कि बिना सही जांच के ऑनलाइन दवाएं मिलने से दवाओं के गलत इस्तेमाल का खतरा भी बढ़ रहा है। आज के इस बंद के दौरान हल्द्वानी में करीब 800 और पूरे नैनीताल जिले में लगभग 1400 मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। हालांकि, गंभीर मरीजों को राहत देने के लिए बड़े अस्पतालों के भीतर संचालित मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे, जहां से जरूरी और जीवनरक्षक दवाएं मिल सकेंगी।
 

तो वहीं, इस बंद को लेकर व्यापारियों के बीच मतभेद भी देखने को मिले। कुछ दवा कारोबारी इस हड़ताल के समर्थन में नहीं हैं और उनका कहना है कि सरकार तक पहले ही उनकी मांगें पहुंचाई जा चुकी हैं। बावजूद इसके, आज शहर के ज्यादातर मेडिकल स्टोरों पर ताले लटके नजर आए और लोगों को दवाइयों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।

JJN News Adverties
JJN News Adverties