हल्द्वानी में नाबालिग के लापता होने के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके खिलाफ BNS और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है और जांच जारी है।
हल्द्वानी में एक नाबालिग के लापता होने से शुरू हुई पुलिस की जांच अब एक गंभीर अपराध के खुलासे तक पहुंच गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में दो युवकों पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और अब दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दरअसल, नाबालिग के अचानक घर से लापता होने के बाद उसकी मां ने हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को दो संदिग्ध युवकों के बारे में अहम सुराग मिले। जांच आगे बढ़ी तो दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार उनकी संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल कार को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है और सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।