हल्द्वानी में नगर निगम ने अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया।
हल्द्वानी में अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई। हल्द्वानी में नगर निगम की टीम ने राजपुरा और टनकपुर रोड क्षेत्र में बड़े स्तर पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए कई फड़ और ठेलों को जब्त किया गया। निगम की टीम को मौके पर देखकर अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
तो वही कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कई लोगों के चालान भी किए गए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने खुले में मीट बेचने वाले विक्रेताओं को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी। वहीं धोबीघाट क्षेत्र के निरीक्षण में गंदगी और गंदे पानी की समस्या मिलने पर नगर आयुक्त ने संबंधित लोगों को फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। नगर निगम ने साफ किया है कि शहर को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।