हल्द्वानी की बहुप्रतीक्षित रिंग रोड परियोजना को नई गति मिली है। परियोजना के सर्वेक्षण के लिए जारी टेंडर प्रक्रिया में तीन कंपनियों ने रुचि दिखाई है।
हल्द्वानी की बहुचर्चित रिंग रोड परियोजना को लेकर बड़ी प्रगति सामने आई है। सालों से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे शहरवासियों के लिए अब राहत की उम्मीद जगी है, क्योंकि परियोजना का सर्वेक्षण कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया में तीन कंपनियां शामिल हुई हैं। दरअसल, रिंग रोड परियोजना की घोषणा साल 2017 में की गई थी। इसका उद्देश्य शहर के भीतर बढ़ते यातायात दबाव को कम करना और लोगों को जाम से राहत दिलाना था। शुरुआती चरण में फिजिबिलिटी स्टडी पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए और सड़क को लामाचौड़ से गन्ना सेंटर तक निजी भूमि से ले जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया। हालांकि, किसानों की जमीन और मकानों के प्रभावित होने की आशंका के चलते स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। सितंबर 2024 में धरना और अनशन के बाद यह प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया। अब प्रशासन ने नए एलाइमेंट पर काम शुरू करते हुए सर्वे प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। तीन कंपनियों के टेंडर में शामिल होने के बाद परियोजना को नई गति मिली है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो आने वाले समय में हल्द्वानी को ट्रैफिक जाम की समस्या से बड़ी राहत मिल सकती है।