हल्द्वानी में निर्धारित मानकों का पालन न करने वाले तीन मोटर ट्रेनिंग स्कूलों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
हल्द्वानी में बिना निर्धारित मानकों के संचालित हो रहे मोटर ट्रेनिंग स्कूलों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बता दे की नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर की गई जांच के बाद तीन मोटर ट्रेनिंग स्कूलों की मान्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गई है।
दरअसल, हाल ही में ADM के नेतृत्व में ड्राइविंग स्कूलों का निरीक्षण किया गया था।वहीं जांच के दौरान तीन संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जहाँ न तो वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था मिली और न ही प्रशिक्षणार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए उचित क्लासरूम उपलब्ध थे। इसके अलावा ड्राइविंग प्रशिक्षण के लिए आवश्यक उपकरण भी नहीं पाए गए।
साथ ही जांच रिपोर्ट मिलने के बाद परिवहन आयुक्त ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीनों स्कूलों की मान्यता निलंबित कर दी और पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए परिवहन विभाग की एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है।
वहीं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भविष्य में यदि कोई मोटर ट्रेनिंग स्कूल मानकों की अनदेखी करते हुए संचालित पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिसमें आरटीओ प्रवर्तन अरविंद पांडे ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश नहीं की जाएगी। साथ ही बताया कि संबंधित संस्थान सभी मानकों को पूरा करने के बाद ही दोबारा संचालन की अनुमति प्राप्त कर सकेंगे। फिलहाल, प्रशासन और परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य मोटर ट्रेनिंग स्कूल संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।