हल्द्वानी में सीवरेज कार्य के बाद टूटी सड़कों और उड़ती धूल से परेशान व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट का घेराव किया। प्रशासन ने विभागों को एक सप्ताह के भीतर सड़कें दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
टूटी सड़कें, उड़ती धूल और रोजमर्रा की परेशानीयो के कारण आखिरकार व्यापारियों का सब्र जवाब दे गया। बता दे हल्द्वानी में मीरा मार्ग सहित कई सड़कों पर सीवरेज लाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के बाद सड़कें दुरुस्त नहीं किए जाने से व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। इसी के चलते व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी का घेराव कर अपनी समस्याएं सामने रखीं।
दरअसल, व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से सड़कें बदहाल स्थिति में हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है और आम लोगों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इस दौरान व्यापारियों ने निर्माण कार्य कर रही Peyjal Nigam और Public Works Department (PWD) के अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप भी लगाए। बता दे इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही फटकार लगाई।
साथ ही उन्होंने Peyjal Nigam के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर बाजार क्षेत्र की सड़कों को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। फिलहाल, व्यापारियों को प्रशासन के आश्वासन पर भरोसा है, लेकिन अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि सड़कें तय समय सीमा में दुरुस्त होती हैं या नहीं!