हल्द्वानी के गौला पुल से नदी में छलांग लगाने वाले 17 वर्षीय छात्र का शव एसडीआरएफ और पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हल्द्वानी से इस वक्त की दुखद खबर सामने आ रही है, जहां गौला पुल से नदी में छलांग लगाने वाले 17साल के छात्र का शव एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने बरामद कर लिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्र घर में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर हुई नाराज़गी के बाद घर से निकल गया था। हालांकि, घटना के कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
रविवार शाम सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने तलाश अभियान शुरू किया। बाद में एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह दोबारा शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में छात्र का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
मृतक की पहचान हल्द्वानी के मोतीनगर निवासी 12वीं कक्षा के छात्र के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल अधिकारी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रहे हैं कि इस दुखद घटना के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।