हल्द्वानी में आयोजित पहले रॉक एंड मेटल शो ने युवाओं और संगीत प्रेमियों को एक नया अनुभव दिया। गिटार, ड्रम्स और दमदार लाइव परफॉर्मेंस के बीच दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
हल्द्वानी अब सिर्फ पर्यटन और कारोबार का शहर नहीं, बल्कि म्यूजिक की नई पहचान भी बनता नजर आ रहा है। दरअसल, शहर में आयोजित पहले रॉक एंड मेटल शो ने शहर के म्यूजिक कल्चर को नई पहचान देने का काम किया। वही मेसन स्क्वायर में आयोजित इस खास म्यूजिक इवेंट में बड़ी संख्या में युवाओं और संगीत प्रेमियों ने हिस्सा लिया और लाइव परफॉर्मेंस का भरपूर आनंद उठाया।
बता दे, कार्यक्रम के दौरान गिटार की गूंज, ड्रम्स की धमक और दमदार म्यूजिक ने ऐसा माहौल बनाया कि दर्शक देर रात तक उत्साह से झूमते रहे। इस आयोजन में रोहित एच. सिवाराम एंड फ्रेंड्स, तक्ष बलूटिया और स्लेव्स ऑफ रॉक बैंड ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। जैसे-जैसे म्यूजिक की रफ्तार बढ़ती गई, वैसे-वैसे दर्शकों का जोश भी देखने लायक रहा। वही रॉक और मेटल म्यूजिक की धुनों पर युवा जमकर थिरकते नजर आए और पूरे आयोजन स्थल में ऊर्जा और उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का कहना था कि ऐसे आयोजन हल्द्वानी में संगीत के नए दौर की शुरुआत कर रहे हैं। साथ ही यह स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच भी उपलब्ध करा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहर में लाइव म्यूजिक कल्चर को बढ़ावा देना और स्थानीय कलाकारों को बेहतर अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की उम्मीद जताई जा रही है।a