बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए हल्द्वानी में परिवहन विभाग ने एक सराहनीय पहल की है। इस विशेष शिविर में निर्मल आई इंस्टीट्यूट के सहयोग से वाहन चालकों, खासकर भारी वाहन चालकों की आंखों की जांच की गई।
मानसून के दौरान बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए हल्द्वानी में परिवहन विभाग ने एक अहम पहल की है। दरअसल, हल्द्वानी परिवहन कार्यालय में आयोजित इस शिविर में ट्रैफिक स्थित Nirmal Eye Institute के सहयोग से वाहन चालकों, खासकर भारी वाहनों के ड्राइवरों की आंखों की जांच की गई। वही शिविर में डॉक्टरों द्वारा चालकों को जरूरी परामर्श दिया गया और जिन लोगों को चश्मे की जरूरत थी, उन्हें मौके पर ही निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही जरूरतमंदों को दवाइयां भी वितरित की गईं।
बता दे, परिवहन विभाग के अनुसार, अब तक करीब 60 चालकों की आंखों की जांच और स्वास्थ्य परामर्श किया जा चुका है, जबकि शिविर में जांच का कार्य लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में दृश्यता कम होने और सड़कों की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में चालकों की अच्छी नजर और स्वास्थ्य बेहद जरूरी है। विभाग का मानना है कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों के पालन से ही नहीं, बल्कि चालकों के बेहतर स्वास्थ्य से भी जुड़ी है। इसी को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।