हल्द्वानी: अवैध क्लिनिक बंद कर ठोका 50 हजार का जुर्माना

लालकुआं में स्वास्थ्य विभाग की जांच में क्लिनिक बिना आवश्यक अनुमति के संचालित होता पाया गया, जिसके बाद उसे तत्काल बंद कर दिया गया और संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

हल्द्वानी: अवैध क्लिनिक बंद कर ठोका 50 हजार का जुर्माना
JJN News Adverties

हल्द्वानी/लालकुआं: लालकुआं और बिंदुखत्ता क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। स्वास्थ्य विभाग, औषधि विभाग, पुलिस प्रशासन और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाकर कई मेडिकल स्टोर और क्लिनिकों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक क्लिनिक बिना आवश्यक अनुमति के संचालित होता पाया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। साथ ही संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।


संयुक्त टीम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्वेता भंडारी, औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक अर्चना, पुलिस प्रशासन और तहसील प्रशासन के अधिकारी शामिल रहे। टीम ने बिंदुखत्ता क्षेत्र में संचालित राकेश मेडिकल स्टोर, अलसफा मेडिकल स्टोर, गोपाल मेडिकल स्टोर, गंगवार मेडिकल समेत कई चिकित्सा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रॉय क्लिनिक में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि क्लिनिक का संचालन निर्धारित नियमों और आवश्यक अनुमति के बिना किया जा रहा था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लिनिक को सीज कर दिया और संचालक के खिलाफ नियमानुसार 50 हजार रुपये का चालान किया।


अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्वेता भंडारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी प्रतिष्ठानों को निर्धारित मानकों और नियमों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने क्षेत्र के सभी मेडिकल स्टोर और क्लिनिक संचालकों को आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने और स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश भी दिए हैं

JJN News Adverties