रामनगर के वन गांव सुंदरखाल में एक बार फिर बिजली पहुंचने की उम्मीद जगी है। विद्युत विभाग की टीम ने गांव का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
रामनगर के वन गांव सुंदरखाल में एक बार फिर बिजली पहुंचाने की उम्मीद जगी है। दरअसल, सोमवार को विद्युत विभाग की टीम गांव पहुंची और इलाके का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। बता दे ,रामनगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 24 वन गांव हैं, लेकिन आज भी इन गांवों के लोगों को सरकार की कई बुनियादी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। साथ ही ग्रामीण लंबे समय से वन गांवो को राजस्व गांव का दर्जा देने और सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो सकी है।

इसी कड़ी में सोमवार को विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता गोविंद सिंह कार्की अपनी टीम के साथ वन ग्राम सुंदरखाल पहुंचे। उन्होंने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना। साथ ही बताया कि साल 2017 में सुंदरखाल गांव में विद्युतीकरण के लिए बिजली के पोल लगाए जाने की कार्रवाई शुरू हुई थी और कुछ स्थानों पर पोल भी लगाए गए थे। हालांकि, वन विभाग की आपत्तियों के चलते कार्य रुकवा दिया था, इसके बाद से गांव का विद्युतीकरण अधूरा रह गया।

उन्होंने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। साथ ही उन्होंने ये भी जानकारी दी कि गांव के विस्थापन की प्रक्रिया भी फिलहाल जारी है। उधर, ग्रामीणों का कहना है कि सालों से वे बिजली समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि अब सरकार जल्द समाधान निकालकर गांव में बिजली और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराए, ताकि उन्हें भी सामान्य जीवन जीने का अधिकार मिल सके।