हल्द्वानी उप कारागार का जिला जज, डीएम और एसएसपी ने संयुक्त निरीक्षण किया। बंदियों की सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता, बच्चों के स्वास्थ्य, और पुनर्वास योजनाओं की समीक्षा पर जोर दिया गया।
हल्द्वानी उप कारागार में सोमवार को जिला प्रशासन और न्यायपालिका की संयुक्त टीम ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वही निरीक्षण के दौरान बंदियों की सुविधाओं, सुरक्षा और पुनर्वास से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की गई। दरअसल, सोमवार को जिला जज नैनीताल, DM ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने उप कारागार हल्द्वानी का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विचाराधीन और सजायाफ्ता बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और कानूनी सहायता का विस्तृत जायजा लिया।
वही निरीक्षण के दौरान कारागार में रह रहे छह छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और टीकाकरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि बच्चों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक टीकाकरण उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकारियों ने बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित बेकरी इकाई के कार्यों की सराहना की। साथ ही अन्य रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार करने और इसके लिए रिवॉल्विंग फंड उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा पैरा लीगल वॉलंटियर्स द्वारा दी जा रही कानूनी सहायता, परिजनों से मुलाकात की व्यवस्था और कारागार प्रबंधन की भी समीक्षा की गई।