अंतिम संस्कार से पहले खुला शव अदला-बदली का राज, अस्पताल की बड़ी लापरवाही!!

हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल की मोर्चरी में बड़ी लापरवाही सामने आई है।

अंतिम संस्कार से पहले खुला शव अदला-बदली का राज, अस्पताल की बड़ी लापरवाही!!
JJN News Adverties

हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल की मोर्चरी में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां पोस्टमार्टम के बाद दो शवों की अदला-बदली हो गई, जिससे दो परिवारों में खूब अफरा-तफरी मच गई। हैरानी की बात यह रही कि एक परिवार अपने परिजन के शव की जगह दूसरे व्यक्ति का शव घर तक ले गया और मामले का खुलासा अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान हुआ। 

दरअसल, सुशीला तिवारी अस्पताल की मोर्चरी में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पोस्टमार्टम के बाद दो शवों की अदला-बदली का मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार, बागेश्वर निवासी 40 वर्षीय मनोज सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि हल्द्वानी के पनियाली निवासी 64 वर्षीय रमित चंद्र का निधन जहरीला पदार्थ खाने के बाद हुआ था।

दोनों शवों का पोस्टमार्टम एक के बाद एक किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम के बाद जब एक शव परिजनों को सौंपा गया तो पहचान की पुष्टि किए बिना ही हल्द्वानी का परिवार उसे अपने साथ घर ले गया। वही बाद में जब दूसरा शव बाहर लाया गया तो बागेश्वर के परिजनों ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया। वही मामले की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन सक्रिय हुआ। 

इस घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी संवेदनशील प्रक्रिया में इस तरह की चूक बेहद चिंताजनक है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

JJN News Adverties