मानसून को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सड़कों की नियमित निगरानी, गड्ढों की तत्काल मरम्मत और जलभराव से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मानसून के दौरान शहर की सड़कों को सुरक्षित और गड्ढा मुक्त रखने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बता दे, जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने नगर निगम सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
वही बैठक में ADB, लोक निर्माण विभाग, पेयजल निर्माण निगम, UPCL और अन्य विभागों को निर्देश दिए गए कि शहर की मुख्य और आंतरिक सड़कों का नियमित निरीक्षण किया जाए और बारिश के कारण बनने वाले गड्ढों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के प्रत्येक पैकेज के लिए Quick Response Team गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। ये टीमें मानसून और किसी भी आपदा की स्थिति में 24 घंटे सक्रिय रहकर जलभराव, सड़क क्षति और अन्य समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई करेंगी।
पेयजल निर्माण निगम को सीवर लाइन के बाद सड़कों की बैकफिलिंग और डामरीकरण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, तीनपानी से मंडी मार्ग तक विद्युत पोल शिफ्टिंग और ह्यूम पाइप बिछाने का कार्य भी तय समयसीमा में पूरा करने को कहा गया है।