रामनगर में 9 जून को हुई स्कॉर्पियो लूट मामले में पुलिस ने जिला बदर आरोपी योगेश सागर उर्फ मंकू को गिरफ्तार कर लिया।
नैनीताल पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसे पहले ही छह महीने के लिए जिला बदर किया जा चुका था। दरअसल, रामनगर पुलिस ने 9 जून को हुई स्कॉर्पियो लूट के मामले का खुलासा करते हुए चर्चित आरोपी योगेश सागर उर्फ 'मंकू' को गिरफ्तार कर लिया। वही आरोपी को हाथीडंगर क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान लूटी गई स्कॉर्पियो के साथ पकड़ा गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी को मार्च 2026 में जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर छह माह के लिए नैनीताल जनपद से जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद वह बिना अनुमति जिले की सीमा में मौजूद मिला।बता दे ये मामला तब सामने आया था जब पीरूमदारा निवासी शफीक हैदर ने चार युवकों पर स्कॉर्पियो, नकदी और चांदी की चेन लूटने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रामनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। वही चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लूटी गई स्कॉर्पियो बरामद कर ली। अब आरोपी के खिलाफ लूट के मामले के साथ-साथ जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने पर गुंडा अधिनियम के तहत भी नया मुकदमा दर्ज किया गया है। फ़िलहाल, पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।